बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घर से दादा के यहां जाने की बात कहकर निकली किशोरी देर रात तक वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार किशोरी के पिता ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 25 जून की शाम दादा के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। हालांकि वह अपने दादा के घर नहीं पहुंची और रात तक घर भी वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के लोगों से संपर्क कर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए किशोरी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
