बीकानेर। बीकानेर केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार सुबह नियमित निरीक्षण के दौरान जेल परिसर से गणेश ब्रांड जर्दे के 156 पाउच बरामद किए गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जेल की बाहरी दीवार के ऊपर से इन पैकेटों को अंदर फेंका।
सुरक्षा जांच के दौरान जेल कर्मियों को परिसर के एक हिस्से में टेप से लिपटे कई संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। जब उन्हें खोला गया तो उनमें प्रतिबंधित जर्दे के 156 पाउच मिले। इसके तुरंत बाद सामग्री जब्त कर पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। शुरुआती फुटेज में तड़के करीब चार बजे के बाद कुछ पैकेट जेल परिसर में गिरते नजर आए हैं। आशंका है कि इन्हें बाहरी दीवार के पास स्थित सुरक्षा टावर की दिशा से भीतर फेंका गया। जिस स्थान से पैकेट फेंके जाने की संभावना जताई जा रही है, वहां सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होने के बावजूद यह घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के पीछे कौन लोग शामिल हैं और कहीं इसमें किसी कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी केंद्रीय कारागार में मोबाइल फोन, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामान पहुंचाने के कई प्रयास सामने आ चुके हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
