बीकानेर। मानसून के आगमन को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों के लिए व्यापक सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने 28 जून तक सभी जर्जर विद्यालय भवनों को खाली कर उनकी बैरिकेडिंग कराने तथा जरूरत पड़ने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार किसी भी असुरक्षित भवन, खुले स्थान, झोपड़ी या पेड़ के नीचे कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों की छतों, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और परिसर में जलभराव की स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने, निकटतम अस्पताल, पुलिस थाना और अग्निशमन केंद्र की संपर्क सूची तैयार रखने तथा प्राकृतिक आपदा से होने वाले किसी भी नुकसान की सूचना तुरंत राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद को भेजने के लिए कहा है।
इसके अलावा शिक्षा निदेशक ने संभाग, जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को विद्यालयों का रैंडम निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करने और सभी सुरक्षा निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं।
