बीकानेर। जामसर थाना पुलिस ने कानासर स्थित निर्माणाधीन सोलर प्लांट से केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोलर केबल और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
थानाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि चोरी की घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों की पहचान की। इसके आधार पर जामसर निवासी अशरफ शाह उर्फ अश्रु (31) और उसके भाई अब्बास शाह (21) को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से 29.120 किलोग्राम चोरी की गई सोलर केबल बरामद कर ली गई। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई टैक्सी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
