राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) जिला शाखा बीकानेर का विशेष वार्षिक अधिवेशन सोमवार को लॉयंस क्लब, पंचशती सर्किल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया और शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए तथा सत्र 2026-27 के लिए नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
शिक्षक हितों के मुद्दों पर हुई चर्चा
अधिवेशन के प्रथम सत्र में तृतीय श्रेणी शिक्षक स्थानांतरण, लंबित पदोन्नति, पे-प्रोटेक्शन, संविदा कार्मिकों के नियमितीकरण तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने इन मांगों के समाधान के लिए राज्य सरकार को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया। साथ ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
वरिष्ठ कर्मचारी नेता सोहनलाल गोदारा ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षक समुदाय को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर केवल शैक्षणिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर दिया जाना चाहिए।
अध्यक्षता कर रहे शिक्षक नेता आदूराम मेघवाल ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के साथ किए जा रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। वहीं शिक्षक नेता शिवशंकर गोदारा ने लंबित पदोन्नतियों, नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पद सृजन तथा अन्य मांगों के जल्द समाधान की आवश्यकता बताई।
- Advertisement -
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के प्रदेशाध्यक्ष के.आर. सियाग ने अनुभवी शिक्षकों की सेवाओं का सम्मान करने और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। वरिष्ठ शिक्षा नेता भंवरलाल पोटलिया ने सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
नई जिला कार्यकारिणी का हुआ निर्वाचन
अधिवेशन के दूसरे सत्र में चुनाव अधिकारी बालाराम मेघवाल और पर्यवेक्षक सोहनलाल गोदारा की देखरेख में नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। महेन्द्रपाल भंवरिया को जिलाध्यक्ष तथा हेमेंद्र कुमार बाना को जिला मंत्री चुना गया।
इसके अलावा राजेश तर्ड को सभाध्यक्ष, राजूराम सोलंकी को संघर्ष समिति का संयोजक तथा गणेश चौधरी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सोहनलाल गोदारा ने शपथ दिलाई।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
अधिवेशन के समापन के बाद सैकड़ों शिक्षकों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तृतीय श्रेणी अध्यापक संवर्ग के स्थानांतरण खोलने तथा शिक्षकों पर लागू कुछ अनिवार्य व्यवस्थाओं में राहत देने की मांग की गई।
इसके साथ ही शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक से मुलाकात कर विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा की और उनके शीघ्र समाधान की मांग रखी।
अधिवेशन में जिले के अनेक वरिष्ठ शिक्षक नेताओं, प्रधानाचार्यों, महिला शिक्षकों और विभिन्न ब्लॉकों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
