महाजन क्षेत्र और आसपास के गांवों में तेज आंधी और बारिश के चलते बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। खराब मौसम के कारण करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समीपवर्ती रतनीसर गांव में लालेरा-रतनीसर मार्ग पर स्थित 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन को भारी नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं के प्रभाव से कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए, कुछ पोल जमीन पर गिर गए, जबकि कई अन्य टेढ़े हो गए।
पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण विद्युत तार जमीन से मात्र चार से पांच फीट की ऊंचाई पर झूलते नजर आए, जिससे क्षेत्र में दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि खुले और नीचे लटकते तार पशुओं तथा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
रतनीसर निवासी शीशपाल गोदारा के अनुसार, तेज हवा और बारिश के कारण ही विद्युत पोलों को यह नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद महाजन कस्बे सहित आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई, जिससे दैनिक गतिविधियां प्रभावित रहीं।
- Advertisement -
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त पोलों और तारों की जल्द मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा संभावित हादसों को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
