बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिले में जागरूकता गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक जूनागढ़ किले के अंदर और बाहर सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष शेषमा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में तीन दिन शेष रहने का संदेश देते हुए जूनागढ़ परिसर में ‘3’ की आकृति बनाकर योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़, डॉ. कौशल्या सैनी, डॉ. हरिराम शर्मा, डॉ. इरशाद रफीक और डॉ. राजकुमार कुमावत भी उपस्थित रहे।
आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ निर्धारित की गई है। इसी के अनुरूप जिलेभर में विभिन्न योग प्रशिक्षण, जागरूकता और जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 2 मई से 20 जून तक जिले में 50 दिवसीय योग दिवस काउंटडाउन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) केंद्रों, तहसील मुख्यालयों और विभिन्न सार्वजनिक पार्कों में नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
- Advertisement -
जिला स्तरीय मुख्य योग दिवस समारोह 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होगा। इसके अलावा सभी उपखंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. पारीक ने बताया कि इस वर्ष योग अभियान को धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों से भी जोड़ा गया है। पुनरासर, देशनोक और कोलायत के साथ-साथ मुकाम मंदिर और कोडमदेसर मंदिर में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
