बीकानेर। जसरासर कस्बे में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने की चोरी के मामले में दो महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। मामले से नाराज पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर जल्द खुलासे की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को शिव मंदिर के आगे स्थित एक ढाणी में चोरी की वारदात हुई थी। घटना के संबंध में 25 अप्रैल को जसरासर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी जांच अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है और उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं।
पीड़ित ने एसपी को दिए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए जांच अधिकारी को बदलने की मांग भी की है। उनका कहना है कि दो माह बाद भी चोरी गए सोने का कोई सुराग नहीं मिलना चिंता का विषय है।
वहीं ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि काकड़ा, झाड़ेली और जसरासर के बिश्नोई बास क्षेत्र में भी सोना, चांदी और नकदी की बड़ी चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
- Advertisement -
हाल ही में कुछ ग्रामीणों को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन और नारेबाजी भी की थी। इस दौरान जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल सहित कई ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, ऐसे में पुलिस को प्रभावी कार्रवाई कर लोगों का विश्वास बहाल करना चाहिए।
