बीकानेर। प्रदेश के सरकारी एवं निजी कॉलेजों में एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केन्द्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया (कैप-2026) 23 जून से शुरू होने जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत राजस्थान के साथ-साथ अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
प्रवेश प्रक्रिया आरएमएपी-2026 और आरएमसीएएपी-2026 के माध्यम से संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 885 रुपए (750 रुपए तथा 18 प्रतिशत जीएसटी सहित) निर्धारित किया गया है। शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 7 जुलाई रखी गई है, जबकि आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 8 जुलाई होगी।
आवेदन करने वाले छात्र 18 जुलाई तक अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का चयन कर विकल्प लॉक कर सकेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) में इस वर्ष एमबीए की 60 तथा एमसीए की 120 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।
ईसीबी के मैनेजमेंट विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन शर्मा के अनुसार, एमबीए में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत) के साथ स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं एमसीए में प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन 10+2 या स्नातक स्तर पर गणित विषय का अध्ययन अनिवार्य होगा। एमसीए के लिए भी न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत) की पात्रता निर्धारित की गई है।
