बीकानेर के बज्जू क्षेत्र में गुरुवार सुबह कोलायत लिफ्ट कैनाल की 33 केवी हाईटेंशन लाइन का फाल्ट ठीक करते समय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया तथा विभागीय लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात से लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण संबंधित विद्युत लाइन का शटडाउन था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मिठड़िया निवासी राजाराम सारण फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के समय उसके साथ पड़ोसी किसान मुनिराम नैण भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर धरना देकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और स्पष्ट अनुमति के कार्य करवाया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
- Advertisement -
घटना की सूचना मिलने पर सहायक अभियंता अजय कुमार और कनिष्ठ अभियंता गोरधन मीणा अस्पताल पहुंचे। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने अधिकारियों का घेराव कर विभागीय लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल परिजन और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं तथा स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
