बीकानेर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार संबंधी सेवाएं और मुख्यमंत्री युवा सम्बल योजना का लाभ आसान तरीके से उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने ईईएमएस 2.0 पोर्टल शुरू किया है। रोजगार सेवा निदेशालय, जयपुर के निर्देशानुसार पूर्व में बंद किए गए एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज मैनेजमेंट सिस्टम (EEMS 1.0) को अपडेट कर 8 जून से नया पोर्टल लाइव कर दिया गया है।
नए ईईएमएस 2.0 पोर्टल के माध्यम से बेरोजगार अभ्यर्थी रोजगार पंजीयन, करियर काउंसलिंग और मुख्यमंत्री युवा सम्बल योजना (बेरोजगारी भत्ता) के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे रोजगार संबंधी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
संभागीय रोजगार कार्यालय के उप निदेशक हरगोबिन्द मित्तल ने बताया कि योजना के तहत विभिन्न विभागों में इंटर्नशिप कर रहे अभ्यर्थियों की उपस्थिति अब संबंधित कार्यालयाध्यक्ष की एसएसओ आईडी के माध्यम से ईईएमएस 2.0 पोर्टल या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध राज ईईएमएस 2.0 मोबाइल एप पर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप से जुड़े सभी कार्यालयाध्यक्षों को पोर्टल पर एक बार पंजीकरण करवाना होगा, जिसके बाद उन्हें प्रत्येक माह अभ्यर्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। रोजगार विभाग द्वारा बेरोजगार युवाओं और संबंधित कार्यालयों को विभिन्न माध्यमों से इसकी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
- Advertisement -
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी संभागीय रोजगार कार्यालय के दूरभाष 0151-2226721 अथवा विभागीय ई-मेल पर संपर्क कर सकते हैं।
