हनुमानगढ़ जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पल्लू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1200 लीटर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान बाबा होटल के पास केलनिया क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध स्थिति में खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें छह ड्रम मिले, जिनमें कुल 1200 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था।
जांच के दौरान वाहन चालक या संबंधित व्यक्ति पेट्रोलियम पदार्थ के परिवहन और भंडारण से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित पूरे पेट्रोलियम पदार्थ को जब्त कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त किया गया पेट्रोलियम पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध पेट्रोलियम कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जांच में सामने आने वाले सभी संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
