लूणकरणसर। अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे पर सड़क की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बनती जा रही है। एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। मंगलवार शाम ऐसा ही एक हादसा लूणकरणसर इंटरचेंज से नाथवाना की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ।
जानकारी के अनुसार नैनासर समेरिया निवासी मामराज अपनी कार से जा रहे थे। रास्ते में सड़क के बीच बने गड्ढे से कार गुजरते ही असंतुलित हो गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर बीकानेर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर बने गड्ढे के कारण कार उछल गई थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन चालक को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
