बीकानेर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री नागणेची जी माता मंदिर में लंबे समय से बंद पड़ी लिफ्ट और मंदिर परिसर की जर्जर स्थिति को लेकर श्रद्धालुओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रशासन और देवस्थान विभाग को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की गई।
श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर की लिफ्ट लंबे समय से खराब है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, घुटनों की समस्या से पीड़ित लोगों और हृदय रोगियों को ऊंचाई पर स्थित निज मंदिर तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई श्रद्धालु माता के दर्शन किए बिना ही वापस लौटने को मजबूर हैं।
ज्ञापन में मंदिर परिसर की अन्य समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। इसमें वर्षा के दौरान छत से पानी टपकने, महादेव मंदिर, चामुंडा माता मंदिर और बरामदों की जर्जर स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की गई। श्रद्धालुओं ने इसे सुरक्षा और जनहित से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए तकनीकी निरीक्षण और मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
प्रमुख मांगों में लिफ्ट को तत्काल चालू करना, नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप का निर्माण, मंदिर परिसर का जीर्णोद्धार, सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना तथा मंदिर विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराना शामिल है।
- Advertisement -
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान हनुमान प्रसाद शर्मा, दौलत सिंह राठौड़, प्रेम वशिष्ठ, पवन चांडक, नीतू जैन, हेमंत जैन, रामकिशन दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
