फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने करीब पांच मिनट तक बातचीत की और आउटरीच सत्र के दौरान एक-दूसरे के साथ बैठे भी नजर आए। यह मुलाकात दोनों नेताओं के बीच करीब 16 महीनों बाद हुई है।
जी-7 सम्मेलन के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है। व्हाइट हाउस के अनुसार दोनों देशों के बीच टैरिफ, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को लेकर वार्ता हो सकती है। दोनों नेताओं के ट्रेड डील सहित विभिन्न द्विपक्षीय विषयों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है।
सम्मेलन में पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया। इस दौरान जी-7 देशों के प्रमुख नेताओं ने सामूहिक फोटो सत्र में भी हिस्सा लिया। मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ चर्चा करते देखा गया।
भारत की ओर से यह जी-7 शिखर सम्मेलन में 13वीं भागीदारी है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी सातवीं बार इस वैश्विक मंच का हिस्सा बने हैं।
