बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। आईपीएल सीजन समाप्त होने के बावजूद क्रिकेट सट्टे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने मंगलवार रात एक कथित क्रिकेट बुकी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ा हिसाब-किताब बरामद किया है।
मध्यप्रदेश टी-20 मैच पर चल रहा था सट्टा
पुलिस के अनुसार एएसआई सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए कस्बे के गौरव पथ क्षेत्र से साबिर चांगल पुत्र हबीब, निवासी मोमासर बास को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह मध्यप्रदेश टी-20 लीग के 30वें मुकाबले इंदौर पिंक पैंथर और रॉयल निमार ईगल्स के बीच खेले जा रहे मैच पर सट्टे की खाईवाली और लगाईवाली कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में क्रिकेट सट्टेबाजी संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी को मोबाइल फोन पर सट्टे से संबंधित गतिविधियां करते हुए पकड़ा गया।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल में एक वेबसाइट से जुड़ी 10 सक्रिय आईडी मिलीं। पुलिस का दावा है कि इन आईडी में लाखों रुपये के सट्टे का रिकॉर्ड और लेन-देन का हिसाब दर्ज मिला है। बरामद दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
- Advertisement -
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने आईपीएल सीजन के दौरान भी क्षेत्र में क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। उस समय भी एक कथित बुकी को करोड़ों रुपये के सट्टे के हिसाब-किताब के साथ गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस का कहना है कि अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एएसआई सुरेन्द्र कुमार के साथ कांस्टेबल अनिल कुमार और सुशील कुमार भी शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
