बीकानेर जिले के जसरासर क्षेत्र में डंपर चालक और उसके भाई के साथ मारपीट तथा नकदी छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने जेसीबी लगाकर डंपर का रास्ता रोका, रॉयल्टी पर्ची फाड़ दी और दोनों भाइयों के साथ मारपीट कर उनकी जेब से नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित जेसीबी को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता रोककर की मारपीट
जसरासर थाना क्षेत्र के देसलसर निवासी सुनील जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 13 जून की रात वह अपने बड़े भाई केसूराम के साथ डंपर में बजरी भरकर जा रहा था। इसी दौरान कुचोर आथूनी के पास एक जेसीबी ने उनके वाहन के आगे आकर रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार जेसीबी से श्यामसुंदर बिश्नोई, बाबूलाल नायक और एक अन्य व्यक्ति नीचे उतरे। आरोप है कि उन्होंने दोनों भाइयों से रॉयल्टी पर्ची मांगी और देखने के बाद उसे फाड़ दिया।
नकदी छीनकर हुए फरार
पीड़ित का आरोप है कि रॉयल्टी पर्ची फाड़ने के बाद तीनों आरोपियों ने उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे 5 हजार रुपये भी छीन लिए गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
- Advertisement -
पुलिस ने जब्त की जेसीबी
घटना की सूचना मिलते ही जसरासर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त जेसीबी को जब्त कर लिया है।
मामले की जांच एएसआई सेवाराम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
