बीकानेर के नागणेजी रेलवे फाटक क्षेत्र में मंगलवार देर रात रेल पटरियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1:45 बजे सूचना मिली कि नागणेजी रेलवे फाटक से लगभग 250 मीटर आगे घड़सीसर की दिशा में रेल पटरियों के बीच एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। मृतक की आयु लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक ने नीले रंग की टी-शर्ट और लोवर पहन रखा था।
सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान की टीम एम्बुलेंस सहित मौके पर पहुंची। इसके बाद कोटगेट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस की मौजूदगी में शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम और पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच जारी है।
