जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार प्रदर्शन स्थल पर मौजूद दो युवकों ने अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के बाद अभिजीत दीपके के समर्थक सक्रिय हो गए और आरोपित दोनों युवकों को पकड़ लिया। इस दौरान समर्थकों और युवकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जबकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया।
बताया जा रहा है कि अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। शहीद स्मारक पर उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा और समर्थक एकत्रित हुए थे, जो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद भी हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस बीच धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद मंच से बार-बार लोगों को अपने मोबाइल और अन्य सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई।
- Advertisement -
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक के खिलाफ आवाज बुलंद की। कई प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और विभिन्न संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ और ‘पेपर लीक बंद करो’ जैसे नारों के साथ युवाओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की।
कार्यक्रम में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन शुरू होने से पहले कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का चित्र बनाकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग वाले नारे भी लिखे।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट और अन्य घटनाओं को लेकर संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
