श्रीगंगानगर जिले के एक युवक के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। अबोहर सिटी प्रथम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव भंगाला निवासी मनप्रीत कौर ने शिकायत में बताया कि उसके बेटे सुखदीप सिंह और उसके कुछ साथियों को स्टडी वीजा के जरिए विदेश भेजने का आश्वासन दिया गया था। इसके लिए चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव 10 जी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी ने उनसे बड़ी रकम की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीजा प्रक्रिया पूरी कराने और विदेश भेजने के नाम पर आरोपी ने कुल 18 लाख रुपये ले लिए। बावजूद इसके न तो वीजा लगवाया गया और न ही युवकों को विदेश भेजा गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
