बीकानेर में योगाचार्य डॉ. पन्नालाल पुरोहित स्मृति संस्थान के तत्वावधान में लाली बाई पार्क में आयोजित योग शिविर लगातार लोगों को स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक कर रहा है। शिविर के 10वें दिन सैकड़ों योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
योग प्रशिक्षक भुवनेश पुरोहित के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बालक-बालिकाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। शिविर में विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
योग के साथ संस्कार और ध्यान का प्रशिक्षण
भुवनेश पुरोहित ने बताया कि शिविर में केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बच्चों को योगाभ्यास के साथ मंत्रोच्चारण और ध्यान की विधियां सिखाई जा रही हैं, जिससे एकाग्रता बढ़े, क्रोध और चिड़चिड़ापन कम हो तथा उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
उन्होंने कहा कि नियमित योग और ध्यान का अभ्यास बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
- Advertisement -
स्वयंसेवकों का मिल रहा सहयोग
शिविर के सफल संचालन में वेद जी पुरोहित, प्रांजल, निकिता, सुनील और मोनासरदार डूडी सहित कई स्वयंसेवक सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी मेहनत और सहयोग से शिविर में आने वाले प्रतिभागियों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योग साधकों को दिया जा रहा पौष्टिक आहार
प्रतिदिन योगाभ्यास के बाद सभी योग साधकों को अंकुरित अनाज, ताजे फल और छाछ वितरित की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को प्राकृतिक ऊर्जा प्रदान करना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
संस्थान की ओर से शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर से जुड़कर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई है।
