बीकानेर जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत जामसर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर के अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। पुलिस और ग्राम पंचायत की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर अजय देव उर्फ अज्जू उर्फ बाबा ने एक सार्वजनिक गली पर अवैध अतिक्रमण कर उसे बंद कर रखा था। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थ तस्करी और जानलेवा हमले सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्षेत्र में उसकी आपराधिक छवि के कारण आमजन खुलकर शिकायत करने से भी डरते थे।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अवैध कब्जे वाली जगह का उपयोग संदिग्ध और अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। साथ ही राहगीरों और ग्रामीणों को धमकाने की भी शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने ग्राम पंचायत के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
- Advertisement -
कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की मदद से सार्वजनिक गली पर किए गए अवैध निर्माण और कब्जे को हटाया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन के लिए रास्ता खुलवाना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक (एसपी) मृदुल कच्छावा और कार्यवाहक एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी.एल. मीणा के सुपरविजन में जामसर थाना प्रभारी रणवीर सिंह और उनकी टीम ने अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
