बीकानेर की मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में राधा रानी सखी मंडल एवं बी-2 पार्क समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में जारी है। कथा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का रसपान किया और भजनों के साथ आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
कथा वाचन करते हुए आचार्य पंडित सुनील व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ गीता, रामायण और श्रीमद्भागवत जैसे धार्मिक ग्रंथों का ज्ञान भी दिया जाना चाहिए। इससे उनमें संस्कार विकसित होंगे और देश का भविष्य उज्ज्वल बनेगा।
आचार्य व्यास ने माखन चोरी प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने गोपियों के मन रूपी माखन को चुराकर भक्ति और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने गोवर्धन लीला का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि मनुष्य का शरीर ही गोवर्धन है और उसमें विराजमान परमात्मा जीवनभर उसकी रक्षा करते हैं।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक सजीव झांकियां सजाई गईं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन स्थल पर छप्पन भोग के विशेष दर्शन भी करवाए गए, जिनका भक्तों ने श्रद्धापूर्वक लाभ लिया।
- Advertisement -
भक्ति संध्या के दौरान नागेश व्यास, दीपक व्यास, गणेश व्यास और चन्द्रेश दिवाकर ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
आयोजकों के अनुसार कथा महोत्सव के आगामी दिवस में रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र का वर्णन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
