बीकानेर में ज्वैलरी दुकान से लाखों रुपये मूल्य का सोना चोरी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार कर चोरी किया गया सोना भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 6 जून को परिवादी कपिल सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि नयाशहर थाना क्षेत्र के सामने स्थित उनकी “जुगल जोड़ी ज्वैलर्स” नामक दुकान में कार्यरत एक कारीगर मौका पाकर करीब 75 ग्राम सोना चोरी कर फरार हो गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) अनुज डाल के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी राजू मंडल उर्फ शांतनु करनार और उसके साथी सुबरात अली उर्फ सोबरात को मुंबई के बोरीवली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 75 ग्राम सोना बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
- Advertisement -
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका अन्य चोरी की वारदातों से भी कोई संबंध है या नहीं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सविता डाल के साथ राकेश मीणा, संदीप कुमार, लीलाधर और दिलीप सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य खुलासे होने की भी संभावना है।
