बीकानेर। भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हेरोइन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र स्थित 365 हेड गांव में पुलिस, बीएसएफ और सीआईडी की टीम ने एक संदिग्ध के घर पर छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को गांव में एक व्यक्ति के पास मादक पदार्थ और नकदी छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। इसके बाद गुरुवार दोपहर संयुक्त टीम गांव पहुंची और कई घरों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान एक घर में रहने वाले कुलदीप सिंह से पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ में वह लगातार टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने तबेले में जमीन के नीचे सामान दबाकर रखने की बात स्वीकार कर ली।
युवक की निशानदेही पर अधिकारियों ने भैंसों के तबेले में खुदाई करवाई। करीब दो फीट गहराई से एक कट्टा बरामद हुआ, जिसमें रखे पतीले से ढाई लाख रुपए नकद और दो मोबाइल फोन मिले। पहले युवक ने नकदी को सट्टे की कमाई बताया, लेकिन बाद में उसने मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने की बात कबूल कर ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने तबेले के दूसरे हिस्से में भी एक थैली छिपाने की जानकारी दी। वहां खुदाई करने पर दो पैकेटों में करीब 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है।
- Advertisement -
फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई और इसके तार किन लोगों से जुड़े हैं।
