बीकानेर।
लूनकरनसर थाना क्षेत्र के बामनवाली गांव में रास्ता रोककर मारपीट करने और सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बामनवाली निवासी मामराज पुत्र घसीराम ब्राह्मण ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही दौलतराम और वासुदेव ने उसे रास्ते में रोक लिया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच की और बाद में मारपीट शुरू कर दी। परिवादी के अनुसार आरोपी अपने घर की दीवार का निर्माण कार्य कर रहे थे तथा वहां रखी ईंटों और फावड़े से उस पर हमला किया गया।
- Advertisement -
मामराज का कहना है कि झगड़े के दौरान उसके गले में पहनी करीब दो तोला वजनी सोने की चेन भी गिरकर गायब हो गई। घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल घीसूसिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
