बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में एक भूखंड पर कथित कब्जे की कोशिश, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में नोखा निवासी शिवलाल जाट ने बताया कि कानपुरा बस्ती वार्ड संख्या 5 स्थित लगभग 800 वर्ग गज का एक प्लॉट उनके नाम पर है। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने यह भूखंड 13 नवंबर 2009 को भीखाराम जाट से खरीदा था और तब से लगातार उस पर उनका कब्जा बना हुआ है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 2 जून की शाम करीब 6 बजे जब वह अपने प्लॉट की देखरेख के लिए पहुंचे तो वहां महावीर, मुकेश पुत्र जगदीश भादू, उनकी बहन अनिता, चुनीलाल जाखड़ तथा अन्य कुछ लोग मौजूद थे। आरोप है कि ये सभी प्लॉट पर लगी पट्टियां और तारबंदी तोड़ रहे थे। साथ ही शिकायतकर्ता द्वारा लगाई गई खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
परिवादी का कहना है कि जब उन्होंने आरोपियों को ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि वह दोबारा प्लॉट के पास आए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
- Advertisement -
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद आरोपी जेसीबी मशीन लेकर प्लॉट में घुस गए और वहां मौजूद खेजड़ी सहित अन्य पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया। जाते समय आरोपियों द्वारा तारबंदी और कुछ निर्माण सामग्री साथ ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से कथित रूप से फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की बात कही तथा अवसर मिलने पर जबरन कब्जा करने की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से समझाइश के प्रयास किए गए, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
