राजस्थान के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के सरकारी और निजी विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। अब स्कूलों में 28 जून तक अवकाश रहेगा और 29 जून से नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
इससे पहले शिक्षा विभाग की ओर से 20 जून तक ग्रीष्मावकाश घोषित किया गया था। 21 जून को रविवार होने के कारण विद्यालय 22 जून से खुलने थे, लेकिन प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और विभिन्न शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए सरकार ने छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय लिया।
43 दिन का होगा ग्रीष्मावकाश
नए आदेश के अनुसार इस वर्ष विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश की कुल अवधि 43 दिन की हो जाएगी। शिक्षा विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित संस्थानों को इसकी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षक संगठनों की मांग के बाद फैसला
हाल ही में शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने की मांग की थी। शिक्षा मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया गया और शासन सचिव की स्वीकृति मिलने के बाद आदेश जारी कर दिया गया।
- Advertisement -
संस्था प्रधानों को भी मिली राहत
शिक्षा विभाग के नए आदेश में संस्था प्रधानों के अधिकृत अवकाश को लेकर भी संशोधन किया गया है। पूर्व में एक दिन का अधिकृत अवकाश निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर फिर से दो दिन कर दिया गया है। इससे विद्यालय प्रशासन को भी कुछ राहत मिलेगी।
भीषण गर्मी बनी मुख्य वजह
राजस्थान के कई जिलों में मई और जून के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। लगातार गर्म हवाओं और लू के प्रभाव को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
29 जून से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
नए आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालय 29 जून से नियमित रूप से खुलेंगे। इसके साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू की जाएंगी।
