बीकानेर। शहर के सर्वोदय बस्ती क्षेत्र में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। यह घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है, जिसमें चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोरपंख गार्ड के पास स्थित गली में शराब पीने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में चार लोगों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी अनुज डाल स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित कराया।
पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल की। देर रात तक पुलिस बल इलाके में मौजूद रहा ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
- Advertisement -
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
