बीकानेर। बुधवार को बीकानेर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई शहर के कोयला गली स्थित आशीष कुमार के प्रतिष्ठान और कार्यालय पर की गई, जहां अधिकारियों ने घंटों तक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की।
यह जांच तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) घी में मिलावट से जुड़े मामले के तहत की गई है। ईडी ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी भी जारी की है, जिसमें कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई किए जाने का उल्लेख किया गया है।
ईडी की प्रेस रिलीज के अनुसार, 3 जून 2026 को हैदराबाद क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा अहिल्यानगर, बीकानेर, देहरादून, दिल्ली, डिंडीगुल, गुंटूर, मुंबई और रुड़की सहित 15 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पीएमएलए, 2002 के तहत विभिन्न आरोपियों के आवासीय और कार्यालय परिसरों में की गई।
इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और लगभग 60 लाख रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए। जांच में पोमिल जैन, विपिन जैन, राजू राजशेखरन, राजेश मनसुखलाल चावड़ा, अपूर्वा विनयकांत चावड़ा, मचिंद्रा शांताराम लंके, अजय कुमार सुगंध, महेश कुमार रोहिरा और आशीष अग्रवाल के नाम सामने आए हैं।
- Advertisement -
ईडी की यह कार्रवाई टीटीडी घी में कथित मिलावट और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है, जिसमें कई स्तरों पर जांच एजेंसियां सक्रिय हैं।
