बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। यह घटना नेशनल हाईवे 911 पर स्थित प्रेम होटल के पास लगे टावर की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। थानाधिकारी नवनीत सिंह ने जानकारी दी कि 5 सीएचडी निवासी रमेश अपनी प्रेमिका को गांव वापस बुलाकर उससे शादी कराने की मांग पर अड़ा हुआ है। इसी मांग को लेकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंच गया और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि वह अभी तक नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ है। स्थिति को देखते हुए आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए हैं।
पुलिस लगातार युवक को समझाइश कर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है।
