बीकानेर। समाज में मानवता, सहयोग और प्रेम का संदेश देने के उद्देश्य से बीकाना साउंड, तिलक नगर द्वारा पिछले लगभग एक वर्ष से पीबीएम अस्पताल के बाहर जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के लिए निरंतर सेवा कार्य किया जा रहा है। यह अभियान अस्पताल में आने वाले लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें राहत पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
डीजे, लाइट और साउंड सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत विशाल गुर्जर और पीयूष आचार्य के नेतृत्व में यह सामाजिक सेवा गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। समय-समय पर मरीजों और उनके परिजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग सहायता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
बीकानेर, जिसे छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है, की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीकाना साउंड परिवार ने मानव सेवा को अपना मुख्य उद्देश्य बनाया है। इस अभियान में मालचंद, बलवीर, रघुनंदन, राहुल, अभिषेक, सुनील, अब्दुल रहमान लोदरा सहित कई सहयोगी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
सदस्यों का कहना है कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और उनका यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्य से जोड़कर समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
