बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार बंगलानगर स्थित एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले सुरेश कुमार पारिक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गया हुआ था, इसी दौरान मकान खाली पड़ा रहा।
5 जून को घर लौटने पर उन्हें चोरी की घटना का पता चला। आरोप है कि चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 3 लाख 50 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर एमओबी टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मुन्नाराम को सौंपी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
