बीकानेर के श्री कोडमदेसर भैरवनाथ जी मंदिर परिसर स्थित पावन सरोवर के जीर्णोद्धार और सफाई के लिए चलाए जा रहे जनसहयोग अभियान में अब महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी के इस प्रयास को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है।
संस्था के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी के अनुसार, महिलाओं द्वारा घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि बाबा भैरवनाथ जी बीकानेरवासियों की आस्था के केंद्र हैं और उनके पावन सरोवर के पुनर्जीवन के लिए समाज में उत्साह बढ़ रहा है।
अभियान के तहत बाला स्वामी, प्रियंका मोदी, पिंकी आचार्य, सपना तंवर, राखी रावत, मंशा रावत और तारा गहलोत विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर रही हैं। वे लोगों से अपनी श्रद्धानुसार सहयोग, अंशदान और भागीदारी की अपील कर रही हैं।
भाटी ने महिला शक्ति के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जब महिलाएं किसी अभियान की जिम्मेदारी संभालती हैं, तो उसकी सफलता की संभावना और अधिक बढ़ जाती है। संस्था ने शहरवासियों से इस सामाजिक, धार्मिक और पर्यावरणीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
