बीकानेर में गर्मी की छुट्टियों, धार्मिक यात्राओं और बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने बीकानेर-हरिद्वार-बीकानेर रेलसेवा में एक अतिरिक्त द्वितीय शयनयान (स्लीपर) कोच अस्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है।
गाड़ी संख्या 14717/14718 बीकानेर-हरिद्वार-बीकानेर एक्सप्रेस में यह अतिरिक्त स्लीपर कोच बीकानेर से 8 जून 2026 से 29 जून 2026 तक और हरिद्वार से 9 जून 2026 से 30 जून 2026 तक लगाया जाएगा। इससे यात्रियों को वेटिंग लिस्ट की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गर्मियों में हरिद्वार, ऋषिकेश और उत्तराखंड क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन यात्राओं के चलते इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला लिया गया है।
रेलवे के इस कदम से उन यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा जो गंगा दर्शन, धार्मिक अनुष्ठान या पर्यटन के उद्देश्य से हरिद्वार की यात्रा करते हैं।
