बीकानेर में आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून आने से पहले शहर के प्रमुख नालों और नालियों की सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
कलेक्टर ने ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत बनाने, जल निकासी तंत्र की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक के दौरान नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी देते हुए अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख नालों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सफाई कार्य तेजी से जारी है।
- Advertisement -
जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सफाई और मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून पूर्व सभी तैयारियां प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
