बीकानेर के कोलायत क्षेत्र में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति से 8 लाख रुपए की ठगी की गई। गजनेर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया है।
चानी (कोलायत) निवासी हुक्म सिंह ने कोर्ट में इस्तगासा पेश कर बताया कि वर्ष 2025 में ‘एक्सपीओ’ नामक कंपनी से जुड़े कुछ लोग उसके गांव पहुंचे थे। उन्होंने हर सप्ताह 3 से 4 प्रतिशत तक बोनस देने का लालच देकर अगस्त 2025 में उससे 8 लाख रुपए निवेश करवा लिए।
शुरुआत में कुछ समय तक बोनस राशि दी गई, जिससे भरोसा बढ़ा, लेकिन बाद में कंपनी का बीकानेर कार्यालय बंद कर दिया गया और 18 सितंबर 2025 से लेन-देन पूरी तरह रोक दिया गया। जब पीड़ित ने अपनी मूल राशि वापस मांगी, तो आरोपियों द्वारा उसे लगातार झूठे आश्वासन दिए जाते रहे।
परिवादी का आरोप है कि इस गिरोह ने संगठित तरीके से कई अन्य लोगों को भी इसी तरह निवेश के नाम पर ठगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
