महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) द्वारा लागू किए गए नियम संशोधन-2026 के विरोध में श्रीगंगानगर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नए कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करते हुए इस निर्णय को छात्र विरोधी बताया और इसे वापस लेने की मांग की।
छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री, विश्वविद्यालय के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा। उनका कहना है कि नए नियम के अनुसार यदि किसी छात्र को स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर किसी विषय में सप्लीमेंट्री आती है, तो वह अगली कक्षा में प्रवेश नहीं ले सकेगा। ऐसे छात्रों को पहले सप्लीमेंट्री परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी, जिसके लिए उन्हें अतिरिक्त समय का इंतजार करना पड़ेगा।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने आरोप लगाया कि इस बदलाव की पूर्व सूचना न तो कॉलेजों को दी गई और न ही विद्यार्थियों को। उनका कहना है कि इस नियम से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी और डिग्री पूरी करने में अधिक समय लग सकता है।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार इस नियम को वापस नहीं लेते हैं, तो जिलेभर में व्यापक छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
