बीकानेर शहर में सड़कों की खराब स्थिति आमजन के लिए लगातार परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे और टूटी सड़कें होने के बावजूद प्रशासन की ओर से सुधार कार्य नहीं किए जाने पर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
सांखला फाटक से आगे बीकानेर भुजिया भंडार और पुलिस चौकी के पास सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। स्थिति को देखते हुए सड़क के एक हिस्से को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है। वाहन चालकों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके चलते कई लोग संतुलन खोकर गिर जाते हैं। वहीं नाले के ऊपर लगे ऊंचे ढक्कन भी यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह शहर का व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
