बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके लिव-इन पार्टनर को कोटा से हिरासत में लिया है। मृतका की पहचान बाली बाई भील के रूप में हुई है, जो पिछले सात-आठ वर्षों से अपने पति से अलग रहकर फूल सिंह भील के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
महिला के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां और फूल सिंह के बीच अक्सर शराब के नशे में विवाद होता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। बेटा कुछ समय के लिए खाना खाने बाहर गया और लौटने पर दोनों वहां नहीं मिले। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
इसी दौरान पुलिस को एक महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान बाद में बाली बाई के रूप में हुई। बेटे के संदेह के आधार पर पुलिस ने फूल सिंह की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस को उसकी मौजूदगी कोटा रूट पर मिली, जिसके बाद उसे कोटा से पकड़ लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला के सिर की कनपटी पर नुकीले पत्थर से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को मिला था। आरोपी को बीकानेर लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ के बाद मामले का खुलासा होने की संभावना है।
