बीकानेर। राजस्थान के सीमावर्ती जिलों श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में विदेशी हथियारों की तस्करी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई में सामने आया है कि सीमा पार से संचालित नेटवर्क स्थानीय लोगों के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा है। पिछले चार महीनों में बीकानेर रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 127 मामलों में 137 हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार इस दौरान 147 हथियार, 615 कारतूस, 43 मैग्जीन, एक ड्रोन और एक हॉल्स्टर बरामद किए गए। जब्त हथियारों में 59 विदेशी निर्मित हथियार शामिल हैं, जो अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की सक्रियता की ओर संकेत करते हैं।
जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान समर्थित ड्रोन ड्रॉपिंग, पंजाब आधारित गिरोहों और विदेशी फंडिंग के जरिए हथियारों की सप्लाई की जा रही है। हालांकि अब तक पुलिस केवल स्थानीय स्तर पर जुड़े आरोपियों तक ही पहुंच सकी है, जबकि मुख्य सरगना गिरफ्त से बाहर हैं।
श्रीगंगानगर जिले में सबसे अधिक 62 मामले दर्ज हुए, जहां 64 तस्करों की गिरफ्तारी के साथ 64 हथियार बरामद किए गए। इनमें ऑस्ट्रेलिया निर्मित ग्लॉक पिस्टल और पाकिस्तान में बना हथियार भी शामिल है। हनुमानगढ़ में 28 मामलों में 24 हथियार जब्त किए गए, जिनमें 11 अमेरिकी फायर आर्म्स शामिल हैं। वहीं बीकानेर में 19 हथियारों की बरामदगी हुई, जिनमें पांच चीन निर्मित हथियार पाए गए। चूरू जिले में भी 19 मामलों में 21 हथियार जब्त कर 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- Advertisement -
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सीमावर्ती इलाकों में हथियार और नशे की तस्करी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
