श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बीदासर रोड के समीप एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अत्यंत व्यस्त सड़क से करीब 50 मीटर दूर 30 से 35 वर्ष आयु की महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी कश्यप सिंह, एसआई पवन कुमार, एसआई रतनलाल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की।
मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने महिला की तस्वीर जारी कर आमजन से पहचान में सहयोग की अपील की है। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शव के मुंह से खून निकलता दिखाई देने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी बुलाया गया है। टीम की जांच पूरी होने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
