जयपुर। राजस्थान में आगामी सप्ताह तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलेगी।
मौसम केंद्र के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के आसपास दो परिसंचरण तंत्र सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से सोमवार को बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में बादल छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी सात दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इससे तापमान नियंत्रित रहेगा और गर्मी का असर कम महसूस होगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 3 और 4 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने के साथ बारिश भी हो सकती है।
- Advertisement -
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका भी काफी कम है।
