भीषण गर्मी के बावजूद सादुल क्लब मैदान में चल रहा ‘मेगा ट्रेड फेयर एवं फैमिली फन पार्क’ शहरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते शाम के समय मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और मनोरंजन के साथ खरीदारी का आनंद ले रहे हैं।
मेला आयोजक सुनील सिंह और साबिर खान के अनुसार इस वर्ष मेले में विशेष ‘मेट्रो डिज्नीलैंड’ थीम तैयार की गई है। भव्य प्रवेश द्वार, न्यूयॉर्क सिटी की झलक, नियाग्रा फॉल की प्रतिकृति तथा आधुनिक एनिमेटेड सेल्फी पॉइंट्स आगंतुकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। युवाओं में इन आकर्षक स्थलों पर तस्वीरें खिंचवाने का उत्साह देखने को मिल रहा है।
मनोरंजन के लिए देशभर से आधुनिक और रोमांचक झूलों की व्यवस्था की गई है, जिनका बच्चे और युवा भरपूर आनंद उठा रहे हैं। वहीं खरीदारी के शौकीनों के लिए हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खिलौने और नवीनतम फैशन उत्पादों के अनेक स्टॉल लगाए गए हैं।
फूड जोन में विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय व्यंजन, चाट और अन्य स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ उपलब्ध हैं। आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले में निःशुल्क पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
