बीकानेर। बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब शिक्षा और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। शिक्षाविद् सुभाष जोशी और लेखा विशेषज्ञ दिनेश चुरा को यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका के सीडर ब्रुक विश्वविद्यालय द्वारा मानद पीएचडी (Honorary Doctorate) की उपाधि प्रदान की गई।
अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद (युवा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने बताया कि पीएम राजकीय सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक के रूप में कार्यरत सुभाष जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए यह सम्मान दिया गया। वहीं स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कोषाधिकारी दिनेश चुरा को लेखा, वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मानद पीएचडी से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान नई दिल्ली स्थित मेपल गोल्ड बैंक्वेट्स, रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में देश और विदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूर्व सांसद दीप सिंह राठौड़, भारत सरकार के मंत्रालय से जुड़े उपनिदेशक रघुवीर शर्मा, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. प्रभात कुमार तथा नेपाल से पधारे विश्व गुरु डॉ. गौरी शंकर महाराज की विशेष उपस्थिति रही।
- Advertisement -
सुभाष जोशी और दिनेश चुरा को मिली इस उपलब्धि से बीकानेर के शिक्षा, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्र में वर्षों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर यह सम्मान अर्जित किया है।
शहर के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक संगठनों ने दोनों का अभिनंदन करते हुए इसे बीकानेर के लिए गर्व का विषय बताया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां युवाओं को शिक्षा, शोध, नवाचार और पेशेवर उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
मानद पीएचडी से सम्मानित दोनों व्यक्तित्वों को लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं और उनकी इस उपलब्धि को बीकानेर की प्रतिभा और क्षमता का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है।
