बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन सौंपकर रेल यात्रियों और व्यापारिक वर्ग की समस्याओं से अवगत कराया।
उद्योग संघ के उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा तथा संयुक्त सचिव श्यामसुंदर सोनी ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में गाड़ी संख्या 12403/12404 प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन झुंझुनूं-सादुलपुर मार्ग से तथा चार दिन चूरू-रतनगढ़ मार्ग से संचालित की जा रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि यात्रियों और व्यापारिक संगठनों का मानना है कि झुंझुनूं-सादुलपुर मार्ग पर इस ट्रेन के संचालन से रेलवे को अपेक्षित राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है। वहीं बीकानेर से चूरू तक के अधिकांश यात्री भी इस ट्रेन का उपयोग कम करते हैं, क्योंकि इस मार्ग पर यात्रा समय अधिक लगता है और किराया भी अपेक्षाकृत ज्यादा पड़ता है।
संघ पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि ट्रेन को प्रतिदिन बीकानेर-चूरू-फतेहपुर मार्ग से संचालित किया जाए। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा, समय की बचत होगी तथा रेलवे की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।
- Advertisement -
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पहले ही इस ट्रेन के दैनिक संचालन के संबंध में रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को अनुशंसा भेज चुके हैं। ऐसे में इस मांग पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई गई है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस विषय को गंभीरता से लेते हुए रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से चर्चा करेंगे और यात्रियों के हित में उचित समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
उद्योग संघ का मानना है कि ट्रेन के दैनिक संचालन से बीकानेर, चूरू, फतेहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
