बीकानेर। जिले में शनिवार दोपहर आई तेज आंधी और रेत के बवंडर ने कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते बिजली के पोल टूटने, पेड़ उखड़ने और टीनशेड उड़ने की घटनाएं सामने आईं। इसी दौरान नोखा क्षेत्र के बीकासर गांव में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बिजली के झूलते तारों की चपेट में आने से एक ट्रक में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आंधी के दौरान बिजली के तार नीचे झूल रहे थे। इसी बीच एक खड़ा ट्रक तारों के संपर्क में आ गया, जिससे अचानक वाहन में आग भड़क उठी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के समय ट्रक चालक श्रीराम वाहन के अंदर मौजूद था। आग की लपटें उठते ही उसने तत्परता दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी। इस कारण उसकी जान बच गई, लेकिन आग की चपेट में आने से वह झुलस गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
- Advertisement -
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते वाहन से बाहर नहीं निकलता तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। आग लगने से ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है।
तेज आंधी का असर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिला। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि पेड़ और टीनशेड गिरने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के दौरान लोगों को खुले स्थानों और बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
