बीकानेर। आमजन से बेहतर संपर्क और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए राजस्थान पुलिस विभाग बीट प्रणाली में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब थाना क्षेत्रों में क्लस्टर बनाए जाएंगे, जिनमें 3 से 5 बीट शामिल होंगी। हर क्लस्टर की जिम्मेदारी एसआई या एएसआई स्तर के अधिकारी को सौंपी जाएगी, जबकि बीट इंचार्ज के रूप में कांस्टेबल या हेड कांस्टेबल कार्य करेंगे।
पुलिस मुख्यालय ने लंबे समय से बीट प्रणाली के कमजोर संचालन को देखते हुए इसे अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था में बीट अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के लिए बाइक या पेट्रोल भत्ता भी दिया जाएगा। वहीं, थानों में 24 घंटे ड्यूटी करने वाले कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल को बीट की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
प्रदेश की सभी पुलिस रेंज में एक-एक जिले का चयन कर 15 दिन के भीतर क्लस्टर गठन और प्रभारी नियुक्ति का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद जून से अगस्त तक तीन महीने इस नई बीट प्रणाली को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा।
