बीकानेर। शिक्षा विभाग ने नियमों के विपरीत संचालित हो रहे स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में 60 से अधिक शिक्षण संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें 40 से ज्यादा प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूल तथा 20 से अधिक सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि कई स्कूलों ने सीमित मान्यता होने के बावजूद उच्च कक्षाएं शुरू कर रखी थीं। कुछ स्कूल अपर प्राइमरी की मान्यता पर सेकेंडरी स्तर तक पढ़ाई करा रहे थे, जबकि कुछ सेकेंडरी स्कूल बिना अनुमति सीनियर सेकेंडरी कक्षाएं संचालित कर रहे थे। इन संस्थाओं के पास न तो माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की मान्यता थी और न ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की स्वीकृति।
शिक्षा विभाग ने 15 अप्रैल तक विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की, जिसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कार्यालय ने नोटिस जारी किए हैं। डीईओ माध्यमिक किशनदान चारण के अनुसार जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित स्कूलों की मान्यता रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि शहर के कई कोचिंग संस्थान स्कूल समय में नियमित कक्षाएं चला रहे हैं, जो नियमों के खिलाफ है। विभाग को इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद ऐसे संस्थानों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।
- Advertisement -
इसके अलावा कुछ स्कूल केवल डमी एडमिशन के जरिए छात्रों का नामांकन कर रहे थे, जबकि वास्तविक पढ़ाई कोचिंग संस्थानों में कराई जा रही थी। ऐसे स्कूलों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
