बीकानेर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश के स्कूलों में ग्रीष्मावकाश बढ़ाने का फैसला किया है। पहले स्कूल 22 जून से खुलने थे, लेकिन अब सभी विद्यालय 29 जून से दोबारा संचालित होंगे। शिक्षकों के लगातार विरोध और आंदोलन के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है।
गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने की मांग को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के बैनर तले पिछले कई दिनों से आंदोलन चल रहा था। शनिवार को शिक्षा विभाग और शिक्षक संघ के बीच समझौता होने के बाद छुट्टियां बढ़ाने पर सहमति बनी। समझौता पत्र पर शिक्षा मंत्री के विशिष्ट सहायक के हस्ताक्षर किए गए हैं।
हालांकि शिक्षा निदेशालय की ओर से अभी तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही औपचारिक घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
इस सत्र में पहली बार सरकार ने गर्मी की छुट्टियां कम करते हुए स्कूल 22 जून से खोलने के आदेश जारी किए थे। इसके विरोध में शिक्षक पिछले 15 दिनों से आंदोलन कर रहे थे और ब्लॉक स्तर तक धरने दिए जा रहे थे।
- Advertisement -
शिक्षकों की एक अन्य मांग भी सरकार ने मान ली है। इस सत्र में प्रिंसिपल पावर की छुट्टियां दो से घटाकर एक कर दी गई थीं, लेकिन अब फिर से इनकी संख्या दो कर दी गई है।
शुक्रवार देर रात जयपुर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के आवास पर हुई बैठक के बाद शनिवार सुबह समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। बैठक में शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश पुष्करणा, प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा, संघर्ष समिति के सदस्य और प्रदेश उपाध्यक्ष रवि आचार्य सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
